पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार ने देखो अपना देश श्रृंखला के तहत 26 मई, 2020 को “संस्कृति और पर्यटन- गोवा की अर्थव्यवस्था के दो पक्ष’ विषय पर 24वें वेबिनार का आयोजन किया। वेबिनार में भारत के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल ‘गोवा” की संस्कृति, इतिहास, विरासत और वास्तुशिल्प पर चर्चा की गयी। प्रतिभागियों को इतिहास, वास्तुकला, संस्कृति, विरासत तथा स्थानों से सम्बंधित जानकारी मिली जिसके बारे में कम लोग ही जानते हैं।
श्री संजीव सरदेसाई (इतिहासकार), श्री अर्मिनियो रिबेरियो (वास्तुकार) और सुश्री सवानी शेटीये (पुरातत्वविद्) द्वारा प्रस्तुत वेबिनार में गोवा की समृद्धि के बारे में बताया गया जिसका सदियों के इतिहास, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और रचनात्मकता के माध्यम से प्रसार हुआ है तथा जो प्रसिद्ध समुद्र तटों और नाइटलाइफ़ से अलग है।
वेबिनार सत्र में गोवा के इतिहास पर चर्चा की गयी। मध्ययुगीन काल के दौरान कदंबा साम्राज्य से लेकर विजयनगर साम्राज्य, बहमनी सल्तनत और बीजापुर सल्तनत तक और गोवा के पुर्तगाली आक्रमण द्वारा बीजापुर सल्तनत को पराजित करने के बारे में परिचर्चा हुई। वक्ताओं ने जानकारी दी कि लगभग 450 वर्षों तक चले पुर्तगाली शासन ने गोवा की संस्कृति, भोजन और वास्तुकला को कितना अधिक प्रभावित किया है।
तटीय क्षेत्र में समुद्री जीवाश्मों, समुद्री सीप और स्थलाकृति की अन्य विशेषताओं से संकेत मिलता है कि गोवा भूगर्भीय टेक्टोनिक प्लेट के आगे बढ़ने के कारण समुद्र से बाहर आया है। सफा मस्जिद, कॉन्वेंट ऑफ सेंट मोनिका, आर्कबिशप्स कैथेड्रल, गोवा का बेसिलिका ऑफ़ गोवा, देशप्रभु महल, पुर्तगाल के लोगों द्वारा निर्मित साउंडेकर पैलेस, टीबी क्यूना मेंशन, सोलर कोलाकोस हाउस, पंजिम चर्च जैसे धरोहर व वास्तुकला की कहानियां केवल दिलचस्प ही नहीं हैं, बल्कि ये गोवा के इतिहास के लिए एक अंतर्दृष्टि भी प्रदान करती हैं।
राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस डिवीजन (एन ई जी डी) की सक्रिय तकनीकी सहायता से पर्यटन मंत्रालय देखो अपना देश वेबिनार श्रृंखला प्रस्तुत करता है। एनईजीडी को सभी हितधारकों के साथ प्रभावी नागरिक जुड़ाव और संचार के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) द्वारा बनाया गया है।
वेबिनार के सत्र अब https://www.youtube.com/channel/UCbzIbBmMvtvH7d6Zo_ZEHDA/featured पर और पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के सभी सोशल मीडिया हैंडल पर भी उपलब्ध हैं।
अगला देखो अपना देश वेबिनार 28 मई 2020 को 1100-1200 बजे निर्धारित है। विषय है – ‘नार्थईस्ट इंडिया फॉर द इम्मरसिव ट्रैवलर” । रजिस्टर करने के लिए क्लिक करें https://bit.ly/NorthEastDAD