केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक तथा नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्री भगवंत खुबा ने वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में आज पेश किये गए बजट को 130 करोड़ भारतवासियों के लिए जीवन को बेहतर और खुशहाल बनाने वाला बताते हुए कहा की इससे एक नए भारत की नींव पड़ेगी। श्री खुबा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में वित्त मंत्री ने जो बजट पेश किया है वो वाकई अमृत काल का बजट है।
उन्होंने आगे कहा कि इस बजट की सात प्राथमिकताएं हैं जो सप्तऋषि की तरह अमृतकाल के दौरान देश का मार्गदर्शन करेंगी और यह एक नए भारत की नींव रखेंगी। श्री खुबा ने कहा इस बार के बजट में समावेशी विकास, समाज के अंतिम पायदान तक पहुंच, अवसंरचना और निवेश क्षमता को उजागर करना, हरित विकास, युवा शक्ति और वित्तीय क्षेत्र जैसे मुद्दों का समावेश है। यह बजट ग्रीन ग्रोथ, ग्रीन इकॉनमी, ग्रीन एनर्जी और ग्रीन इन्फ्रा वाला है। इससे ग्रीन जॉब्स में भी इजाफा होगा।
श्री खुबा ने कहा वित्त मंत्री जी ने बजट में किसानों के लिए श्री अन्न योजना शुरू करने का ऐलान किया है। इसके तहत बाजरा, ज्वार, रागी जैसे मिलेट्स के उत्पादन के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा मिलेट्स संस्थान की भी हैदराबाद में स्थापना की जाएगी।

श्री खुबा ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस बजट में विश्वकर्मा कौशल सम्मान योजना का ऐलान किया है। इससे देश के शिल्पकारों, श्रमिकों और कुशल कारीगरों को सम्मान मिल सकेगा। इसके अलावा महिला सेल्फ हेल्प ग्रुप्स के लिए किए गए ऐलान से मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने कहा पूरे कर्नाटक की ओर से मैं यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और वित्त मंत्री को इस साल के केंद्रीय बजट में कर्नाटक राज्य की प्रमुख अपर भद्रा परियोजना के लिए 5300 करोड़ रुपये के अनुदान की घोषणा करने के लिए धन्यवाद देता हूं।






























