अहमदाबाद:
पिछले 17 वर्षों से विश्व के विभिन्न कोनों में पीसमेकर मनश्री द्वारा ‘अमृतायु आनंदोत्सव’ का आयोजन किया जाता रहा है। इस बार इसके गुजरात एडिशन के लिए अहमदाबाद स्थित ‘सनशाइन लैब’ (Sunshine Lab) वेन्यू बना, जहाँ सनशाइन लैब और सह-आयोजक (Co-host) रिद्धि पटेल के सहयोग से नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दशहरा के पवित्र पर्व के अवसर पर ‘अमृतायु आनंदोत्सव’ का भव्य और सफल आयोजन संपन्न हुआ। इस अनोखे उत्सव का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत, नैतिक मूल्यों और संस्कारों से जोड़ने के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा तथा सामाजिक समरसता का संदेश देना था। थलतेज मथुरानगरी क्षेत्र के बच्चों और प्रसिद्ध सामाजिक शिक्षिका रूपल बारोट की विशेष उपस्थिति के साथ कार्यक्रम का भावपूर्ण शुभारंभ किया गया।
सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों से भरी इस शाम में बच्चों के लिए कई विशेष आयोजन किए गए। सनशाइन लैब कुकिंग एकेडमी की विशेषज्ञ सुषमा लामा के मार्गदर्शन में बच्चों ने हनुमान जी थीम पर आधारित केसर कपकेक बनाने की कार्यशाला (वर्कशॉप) में बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। इसके बाद, अधिवक्ता एवं POCSO एडवोकेट अनीशा कपूर द्वारा मां दुर्गा की शौर्यगाथा और आत्मबल से प्रेरित करने वाले कहानी सत्र का आयोजन किया गया, जिसने बच्चों में नैतिक मूल्यों का सिंचन किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के मनोरंजन के लिए ‘इरिसेंट बबल स्पेक्टेकल’ (रंग-बिरंगे बुलबुलों का जादुई शो) आयोजित किया गया, जिसने पूरे वातावरण को आनंद और किलकारियों से भर दिया। इसके साथ ही, बच्चों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सोच को प्रोत्साहन देने के लिए विशेष ‘STEM प्ले एवं एक्सप्लोरेशन’ गतिविधियों का भी आयोजन किया गया था। उपस्थित सभी बच्चों के लिए पौष्टिक और स्वादिष्ट स्वल्पाहार (रिफ्रेशमेंट) की व्यवस्था की गई थी।
इस कार्यक्रम की सह-आयोजक रिद्धि पटेल (सामाजिक उद्यमी एवं पैरेंटिंग कोच) आधुनिक STEM शिक्षा और भारतीय विरासत के समन्वय द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निष्ठापूर्वक कार्यरत हैं। शरण दिल्लीवाला और बिहाग श्रीनिवास द्वारा कार्यक्रम के सुंदर क्षणों को फोटोग्राफी के माध्यम से कैद किया गया। इस अवसर पर जोधपुर आर्ट गैलरी (AMC) और श्री अमित बारोट से मिले विशेष सहयोग और प्रोत्साहन के लिए आयोजकों द्वारा आभार व्यक्त किया गया।




























