
कलर्स का ‘धमाल विद पति पत्नी और पंगा – जोड़ियों का रियलिटी चेक’ नई सेलिब्रिटी जोड़ियों, बड़े चैलेंज और रिश्तों से जुड़े ड्रामे की बिल्कुल नई खुराक के साथ वापस आ गया है! पहले सीज़न में अपनी पहचान बनाने के बाद, यह शो एक बार फिर टेलीविज़न की कुछ सबसे पसंदीदा जोड़ियों को अल्टीमेट रियलिटी चेक से गुज़ारने के लिए लौट रहा है, जहाँ उनकी असल ज़िंदगी की केमिस्ट्री, नोक‑झोंक, आदतें, राज़ और अनोखी इक्वेशन खुलकर सामने आएगी। सेलिब्रिटी जोड़ियों की एक बिल्कुल नई लाइन‑अप के साथ, यह शो उनके रिश्तों की एक मनोरंजक झलक पेश करेगा, जहाँ वे चुनौतियों का सामना करेंगे, अपनी पर्सनैलिटी को सामने लाएंगे और अपनी इक्वेशन को अंतिम परीक्षा से गुज़ारेंगे। अपने प्यार, हँसी और साथ के कई वर्षों को इस शो में लेकर आ रहे अर्चना पूरण सिंह और परमीत सेठी दर्शकों को अपनी अनोखी इक्वेशन की करीब से झलक दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वे अपनी रोज़मर्रा की नोक‑झोंक को मज़ेदार चुनौतियों और रिश्तों से जुड़े रियलिटी चेक्स की एक श्रृंखला में बदलते नज़र आएंगे।
अर्चना पूरण सिंह ने कहा, “परमीत और मैंने हमेशा एक‑दूसरे को चुना है, तब भी जब यह सबसे आसान या सबसे स्पष्ट रास्ता नहीं था। सालों के दौरान यह फैसला प्यार, दोस्ती, समझदारी और, जाहिर है, ढेर सारी पंगेबाज़ी से बने एक रिश्ते में बदल गया। अब तीन दशकों से भी ज्यादा समय साथ बिताने के बाद, हम अपने इस रिश्ते को ‘धमाल विद पति पत्नी और पंगा’ में लेकर आ रहे हैं, जहाँ हमारी साझेदारी कुछ अलग तरह की और उम्मीद है कि बेहद मनोरंजक चुनौतियों का सामना करेगी। लोगों ने अक्सर हमें स्क्रीन पर शानदार तालमेल और ढेर सारी हँसी‑मजाक साझा करते हुए देखा है और यह हमारे लिए बिल्कुल स्वाभाविक है। परमीत का हास्यबोध थोड़ा अनोखा है और मेरी हँसी तो मानो अपने‑आप में एक अलग किरदार बन चुकी है! लेकिन इस शो में दर्शकों को हमारा हर पहलू देखने को मिलेगा, प्यार, असहमति, नोक‑झोंक और इनके बीच की हर बात। यहाँ दिखावा नहीं होगा और बहुत कम चीज़ें छिपाई जाएंगी। हम पिछले 34 सालों से एक‑दूसरे के धैर्य की परीक्षा लेते आ रहे हैं, इसलिए हमारे लिए पंगेबाज़ी तो रोज़मर्रा की ज़िंदगी का ही हिस्सा है! हम उत्साहित हैं कि दर्शकों को हमारी इस मज़ेदार दुनिया की झलक मिले और इस सफर के दौरान हम सभी खूब मनोरंजन करें।”
परमीत सेठी ने कहा, “34 साल पहले अर्चना और मैंने भरोसे की एक छलांग लगाई थी और साथ मिलकर ज़िंदगी बिताने का फैसला किया था। तब से लेकर अब तक हमने साथ में कई खूबसूरत पड़ाव देखे हैं, एक‑दूसरे से बहुत कुछ सीखा है और सबसे अहम बात, ज़िंदगी को साथ मिलकर हँसते हुए जीना सीखा है। ‘धमाल विद पति पत्नी और पंगा’ हमारे लिए एक और नया एडवेंचर जैसा है, बस इस बार इसमें चुनौतियां, कैमरे और हमें देखते दर्शक भी शामिल हैं! अर्चना जब किसी बात को ठान लेती हैं, तो बेहद दृढ़ हो जाती हैं, जबकि मैं आमतौर पर थोड़ा शांत रहता हूँ। इसलिए मुझे यकीन है कि यह शो हमारी जानी‑पहचानी नोक‑झोंक और असहमतियों को खुलकर सामने लाएगा। तीन दशक से भी ज्यादा समय साथ बिताने के बाद हमने यह समझ लिया है कि आप एक‑दूसरे से असहमत हो सकते हैं, एक‑दूसरे की टांग खींच सकते हैं, कभी‑कभी एक‑दूसरे को थोड़ा परेशान भी कर सकते हैं और फिर भी हर मुश्किल वक्त में एक‑दूसरे के साथ मजबूती से खड़े रह सकते हैं। यही हमारी इक्वेशन है, जिसे हम इस शो में लेकर आ रहे हैं। हम साथ मिलकर चुनौतियों का सामना करने, खूब मस्ती करने और उम्मीद है कि दर्शकों को उस असली रिश्ते की झलक दिखाने के लिए उत्साहित हैं, जो इस सारी हँसी‑मजाक के पीछे छिपा है।”
‘धमाल विद पति पत्नी और पंगा – जोड़ियों का रियलिटी चेक’ का प्रीमियर 10 अक्टूबर को रात 9:00 बजे देखिए और इसके बाद हर शनिवार और रविवार केवल कलर्स और जियोहॉटस्टार पर।

















